gnews PCS से IAS बने विश्वभूषण मिश्रा, काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन से जुड़े दो अधिकारियों को मिला प्रमोशन - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

PCS से IAS बने विश्वभूषण मिश्रा, काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन से जुड़े दो अधिकारियों को मिला प्रमोशन

उत्तर प्रदेश सरकार के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत राज्य के 11 पीसीएस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) कैडर में पदोन्नत किया गया है। इस सूची में काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े दो अधिकारियों का नाम भी शामिल है, जिससे वाराणसी में खुशी का माहौल है।

विज्ञापन
पदोन्नत अधिकारियों में वर्तमान में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्वभूषण मिश्रा भी शामिल हैं। वर्ष 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा को उनकी प्रशासनिक दक्षता और उत्कृष्ट सेवाओं के आधार पर आईएएस कैडर में स्थान दिया गया है।


इसके अलावा डॉ. सुनील कुमार वर्मा को भी आईएएस पदोन्नति मिली है। डॉ. वर्मा पूर्व में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के सचिव तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह लखनऊ में अतिरिक्त आयुक्त (जीएसटी) के पद पर कार्यरत हैं।


आईएएस पदोन्नति पाने वाले अन्य अधिकारियों में अतुल कुमार, अमित सिंह, प्रियंका सिंह, अमित कुमार, गरिमा स्वरूप, संदीप कुमार, राकेश कुमार सिंह और डॉ. वैभव शर्मा शामिल हैं। इन अधिकारियों ने विभिन्न जनपदों और विभागों में कार्य करते हुए प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

विज्ञापन
बताया जा रहा है कि पदोन्नति की प्रक्रिया में अधिकारियों की कार्यकुशलता, सेवा अनुभव, प्रशासनिक क्षमता और उपलब्धियों का मूल्यांकन किया गया। आईएएस कैडर में शामिल होने के बाद इन अधिकारियों को शासन और प्रशासन में और अधिक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना है।


विशेष रूप से वाराणसी के लिए यह गौरव का विषय है कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन से जुड़े वर्तमान और पूर्व दोनों अधिकारियों को आईएएस पदोन्नति प्राप्त हुई है। इससे न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि को सम्मान मिला है, बल्कि काशी का नाम भी प्रशासनिक क्षेत्र में गौरवान्वित हुआ है।