वाराणसी में किसान को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, जमीन विवाद में चार पर हत्या का आरोप
फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में शनिवार शाम जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक किसान की मौत हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने किसान पर पहले हमला किया, फिर गोली मार दी और लोहे की रॉड से भी प्रहार किया। गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पंपिंग सेट पर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार बरजी गांव निवासी भोतू यादव (60) शनिवार शाम गांव के बाहर स्थित अपने पंपिंग सेट पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने पहले मारपीट की और फिर उनके बाएं पैर में गोली मार दी। इसके बाद लोहे की रॉड से भी हमला किया गया।
![]() |
| विज्ञापन |
पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद प्रमुख वजह हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ माह पहले गांव में एक बारात के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था।
ग्रामीणों ने बताया कि 14 मई को अनीश और उसके परिवार के लोगों ने भोतू यादव के बेटे ललित मोहन यादव के साथ मारपीट की थी। इस विवाद को सुलझाने के लिए 30 मई को गांव में बिरादरी की पंचायत भी हुई थी, जिसमें क्षेत्र के करीब 100 से 150 लोग शामिल हुए थे। हालांकि पंचायत में भी दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंचे और विवाद जारी रहा।
बेटे ने लगाया बुलाकर हत्या करने का आरोप
मृतक के बेटे ललित मोहन यादव ने आरोप लगाया कि शनिवार को शाम करीब तीन बजे अनीश उनके पिता को बुलाकर ले गया और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पिता को गोली मारने के बाद दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक भोतू यादव गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
ललित मोहन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में अनीश, धर्मराज समेत चार लोगों को नामजद करते हुए पिता की हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद एडीसीपी नृपेंद्र सिंह रात में फूलपुर थाने पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
![]() |
| विज्ञापन |
हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


