gnews सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वालों पर यूपी पुलिस की नजर, कफ सिरप कांड के आरोपी की होगी वापसी: डीजीपी - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वालों पर यूपी पुलिस की नजर, कफ सिरप कांड के आरोपी की होगी वापसी: डीजीपी

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने रविवार को वाराणसी पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्पष्ट कहा कि प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। सोशल मीडिया पर दबंगई, गैंगबाजी और भौकाल दिखाने वालों पर यूपी पुलिस की विशेष निगरानी रख रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


विज्ञापन
डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था सुधारना और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। प्रदेश, जोन, जिला और मोहल्ला स्तर तक के बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले आठ से दस वर्षों में उत्तर प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश से संगठित अपराध का नेटवर्क काफी हद तक समाप्त हुआ है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


इस दौरान डीजीपी ने प्रदेश के चर्चित कफ सिरप कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल को विदेश से वापस लाने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।


विज्ञापन
यातायात व्यवस्था पर बोलते हुए डीजीपी ने बताया कि करीब ढाई माह पहले प्रदेश के 20 जिलों में "रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन" योजना शुरू की गई है। इसके तहत गूगल से प्राप्त तकनीकी आंकड़ों की मदद से ट्रैफिक जाम वाले मार्गों का विश्लेषण किया जा रहा है। वाराणसी में 11 प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर चिह्नित किए गए हैं, जहां जाम की समस्या अधिक रहती है। पूरे प्रदेश में ऐसे करीब 230 कॉरिडोरों की पहचान की गई है।


उन्होंने कहा कि वाहनों की गति, यात्रा समय और जाम की स्थिति का लगातार डेटा एकत्र कर उसका विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके और लोगों को जाम से राहत मिले। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल तथा एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया भी मौजूद रहे।