gnews वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

शहर में आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने नव निर्मित पुलिस सहायता केंद्र (पुलिस बूथ) का भव्य उद्घाटन पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया। इस पहल से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।


बताया जा रहा है कि वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता था, जिसकी शिकायतें लगातार पुलिस प्रशासन तक पहुंच रही थीं। इन शिकायतों के समाधान और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा की पहल पर पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना की गई।

विज्ञापन 

उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर काशी व्यापार मंडल कैंट के अध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस सहायता केंद्र के संचालन से रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के नागरिकों को भी पुलिस सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सहायता केंद्र के शुरू होने से रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ेगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

विज्ञापन 

उद्घाटन कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। यह पहल वाराणसी कैंट क्षेत्र में जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।