संकट मोचन महंत के घर चोरी के बाद वाराणसी की दूसरी सबसे बड़ी वारदात: GST अफसर के ससुर के घर से ढाई करोड़ के जेवर और नकदी चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर स्थित नवसाधना स्कूल (कला केंद्र) के पास स्थित एक मकान में चोरों ने वाराणसी की सबसे बड़ी चोरी की घटनाओं में से एक को अंजाम दिया। मेरठ में तैनात जीएसटी अधिकारी शैलेंद्र सिंह के ससुर कुमार विनोद के बंद मकान से चोर करीब 1.90 लाख रुपये नकद और ढाई करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वाराणसी में पिछले वर्ष संकट मोचन मंदिर के महंत के घर हुई करोड़ों की चोरी के बाद इसे दूसरी सबसे बड़ी चोरी की घटना माना जा रहा है।
![]() |
| विज्ञापन |
सूचना मिलने पर कुमार विनोद तत्काल वाराणसी पहुंचे। रात करीब 10 बजे घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर पीछे की बाउंड्री फांदकर घर में घुसे और करीब तीन घंटे तक मकान में लगे एसी चलाकर पूरे घर को खंगालते रहे। पहचान छिपाने के लिए चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर एक लाख रुपये नकद, वीना देवी के 90 हजार रुपये तथा कुल 1.90 लाख रुपये नकदी के अलावा भारी मात्रा में सोने, चांदी और हीरे के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में हीरे का मंगलसूत्र, आठ सोने के हार, 12 सेट चूड़ियां, चार कड़े, कई चेन, सिकड़ियां, अंगूठियां, नथिया, टीका, माला, कान की बालियां, 75 से अधिक चांदी के सिक्के, पायल, चांदी के बर्तन और धार्मिक महत्व की विशेष अंगूठियां शामिल हैं। अधिकांश आभूषण पुश्तैनी बताए गए हैं।
कुमार विनोद के पुत्र वैभव कुमार सिंह ने बताया कि चोरी हुए आभूषण उनकी मां, पत्नी और बहन विनीता सिंह के हैं। विनीता सिंह के पति शैलेंद्र सिंह मेरठ में जीएसटी विभाग में अधिकारी हैं। लगातार तबादलों के कारण परिवार के बहुमूल्य आभूषण वाराणसी स्थित इस मकान में सुरक्षित रखे गए थे।
![]() |
| विज्ञापन |
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी, एसीपी कैंट, शिवपुर थाना पुलिस, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। हालांकि चोर सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए, लेकिन आसपास लगे कैमरों के फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
संकट मोचन महंत के घर चोरी के बाद दूसरी बड़ी घटना
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 20 मई को भेलूपुर के तुलसीघाट स्थित संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के घर दिनदहाड़े करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के हीरे, सोने और माणिक के आभूषण चोरी हुए थे। उस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब शिवपुर में हुई ढाई करोड़ रुपये से अधिक की यह चोरी वाराणसी की सबसे चर्चित और बड़ी चोरी की घटनाओं में शामिल हो गई है।


