gnews वाराणसी के 50 केंद्रों पर शुरू हुई UPP भर्ती परीक्षा, 1.32 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी के 50 केंद्रों पर शुरू हुई UPP भर्ती परीक्षा, 1.32 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा रविवार से वाराणसी के 50 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले में कुल 1.32 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

विज्ञापन
परीक्षा 8 जून से 10 जून तक आयोजित की जा रही है। इस दौरान प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।



परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर एआई आधारित कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की आशंका को रोकने के लिए तकनीकी निगरानी के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों को भी सक्रिय किया गया है।


परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, एसटीएफ, एलआईयू और इंटेलिजेंस सहित कई एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं।

विज्ञापन
इस बीच सरकार ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में किराए पर 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। अभ्यर्थी अपना वैध एडमिट कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इससे दूसरे जिलों और शहरों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी।


प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।