gnews 50 करोड़ की जमीन मामला: सुरेश सिंह-नितेश राय 'सोनू' पर केस दर्ज, अजय राय को मानहानि की कार्रवाई की चेतावनी - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

50 करोड़ की जमीन मामला: सुरेश सिंह-नितेश राय 'सोनू' पर केस दर्ज, अजय राय को मानहानि की कार्रवाई की चेतावनी

करीब 50 करोड़ रुपये की जमीन से जुड़े मामले में कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बाद भाजपा के वाराणसी जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक कारणों से इस मामले में फंसाया जा रहा है।

विज्ञापन
सुरेश सिंह ने कहा कि जिस संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, उसके वास्तविक मालिक ने अपनी इच्छा से जमीन अपने भतीजे को दान की थी। उन्होंने दावा किया कि दानपत्र होने के उसी दिन भतीजे ने उनके पक्ष में विधिवत रजिस्ट्री कराई थी। उनके अनुसार पूरी प्रक्रिया कानूनी तरीके से संपन्न हुई और इसमें किसी प्रकार का अवैध कब्जा या फर्जीवाड़ा नहीं हुआ।


उन्होंने कहा कि बाद में परिवार के भीतर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके चलते उन्हें इस प्रकरण में मोहरा बनाया जा रहा है। सुरेश सिंह का कहना है कि वह एक राजनीतिक व्यक्ति हैं, इसलिए उनकी छवि धूमिल करने और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।


भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उनका आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों दल बिना जांच पूरी हुए राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले बयान दिए जाते हैं, तो वह उनके खिलाफ मानहानि की कानूनी कार्रवाई करेंगे।

विज्ञापन
गौरतलब है कि इससे पहले 50 करोड़ रुपये की जमीन से जुड़े इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर रोहनिया थाने में भाजपा नेता सुरेश सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके गंभीर रूप से बीमार पति की बीमारी का फायदा उठाकर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से करोड़ों रुपये की संपत्ति का हस्तांतरण कराया गया।हालांकि, इस मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।