gnews वाराणसी में फर्जी MLM नेटवर्क का भंडाफोड़: 250 युवक-युवतियों को कराया मुक्त, 19 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में फर्जी MLM नेटवर्क का भंडाफोड़: 250 युवक-युवतियों को कराया मुक्त, 19 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा

वाराणसी पुलिस ने एक बड़े फर्जी मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) और पिरामिड चेन नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सैकड़ों बेरोजगार युवक-युवतियों को मुक्त कराया है। रोहनिया थाना क्षेत्र में संचालित इस कथित फर्जी कॉर्पोरेट ऑफिस पर पुलिस और साइबर क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में 250 युवक-युवतियों को नेटवर्क के चंगुल से आजाद कराया गया, जबकि मुख्य सरगना समेत 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन और दो लग्जरी कारें भी बरामद की हैं।

विज्ञापन
डीसीपी क्राइम नीतू कादयान ने बताया कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहनिया पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी 'महादेव एंटरप्राइजेज' नाम की फर्जी कंपनी और 'रॉयल हेल्थ इंडिया रॉयल हेल्थ वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड' की फ्रेंचाइजी के नाम पर गैरकानूनी MLM और पिरामिड स्कीम चला रहे थे।

 

गिरोह के सदस्य बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी में ऑफिस वर्क, टाटा कंपनी और खेती से जुड़े कार्यों में ₹25 हजार प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर बुलाते थे।


वाराणसी बुलाने के बाद युवाओं का कॉर्पोरेट ऑफिस जैसा माहौल बनाकर इंटरव्यू लिया जाता था। इसके बाद जॉइनिंग फीस और रजिस्ट्रेशन के नाम पर प्रत्येक युवक-युवती से ₹30,000 से ₹35,000 तक वसूले जाते थे। बदले में उन्हें केवल ₹1,000 से ₹2,000 कीमत की बेसिक किट, जिसमें कपड़े, तेल और साबुन जैसी सामग्री होती थी, दी जाती थी।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, युवाओं को ट्रेनिंग सेंटर में रखकर उनका मनोवैज्ञानिक रूप से ब्रेनवॉश किया जाता था। उन्हें महंगी जिंदगी और बड़ी कमाई के सपने दिखाकर अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को इस नेटवर्क से जोड़ने के लिए मजबूर किया जाता था। प्रत्येक सदस्य पर कम से कम तीन नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था। ऐसा न करने पर वेतन रोकने और जमा कराए गए पैसे वापस न करने की धमकी दी जाती थी।


पुलिस ने गुरुवार को रोहनिया क्षेत्र स्थित एक तीन मंजिला मकान पर छापा मारकर इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन और देश के विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की ठगी की आशंका जताई जा रही है।