gnews वाराणसी में 1% कमीशन के लालच में व्यापारी ने बेचा बैंक खाता, साइबर ठगी के 1.88 करोड़ के ट्रांजैक्शन का खुलासा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में 1% कमीशन के लालच में व्यापारी ने बेचा बैंक खाता, साइबर ठगी के 1.88 करोड़ के ट्रांजैक्शन का खुलासा

वाराणसी में साइबर ठगी से जुड़े म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान चौक थाना पुलिस ने एक कारोबारी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि कारोबारी ने महज एक प्रतिशत कमीशन के लालच में अपनी फर्म का चालू बैंक खाता दूसरे लोगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया, जिसका उपयोग देशभर में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया गया।

विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के सुड़िया निवासी कारोबारी विपुल अग्रवाल की लक्सा स्थित प्लास्टिक डमी की दुकान है। जांच में सामने आया कि उसने अपनी फर्म का चालू खाता एक प्रतिशत कमीशन पर कुछ लोगों को सौंप दिया था। इस खाते के माध्यम से लगभग छह महीने के भीतर 1.88 करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया।


लखनऊ मुख्यालय से मिली थी सूचना


इंस्पेक्टर चौक दिलीप मिश्रा और साइबर सेल प्रभारी मनोज तिवारी ने बताया कि लखनऊ स्थित मुख्यालय से 'येलो-16 म्यूल अकाउंट' के तहत बंधन बैंक में संचालित फर्म के चालू खाते की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कारोबारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर पूछताछ की।


पूछताछ में विपुल अग्रवाल ने बताया कि उसकी पहचान मोबाइल के माध्यम से ईशान ठाकुर से हुई थी। बाद में वह ब्रजेश, राजवीर और रोहित ठाकुर के संपर्क में आया। आरोपियों ने खुद को ट्रेडिंग कंपनी का संचालक बताते हुए कहा कि उनके व्यवसाय के लेन-देन के लिए खाते की जरूरत है और इसके बदले एक प्रतिशत कमीशन दिया जाएगा। इसी झांसे में आकर उसने अपनी फर्म का खाता उनके उपयोग के लिए दे दिया।


16 राज्यों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतें


पुलिस की जांच में बैंक स्टेटमेंट से पता चला कि 5 जनवरी से 8 मई के बीच इस खाते में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ। वहीं, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर जांच करने पर सामने आया कि इस खाते से जुड़े 16 राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

विज्ञापन
इनमें से 15 मामलों में पीड़ितों से ठगी गई रकम सबसे पहले इसी खाते में ट्रांसफर की गई थी।

पहले भेजा गया था नोटिस


पुलिस का कहना है कि खाते के दुरुपयोग की जानकारी मिलने पर विपुल अग्रवाल को पहले ही नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद उसने न तो स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी और न ही खाते के इस्तेमाल पर रोक लगाई। इसी आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश


फिलहाल चौक पुलिस ने विपुल अग्रवाल सहित ईशान ठाकुर, ब्रजेश, राजवीर और रोहित ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस खाते के माध्यम से कितने लोगों से साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।