छोटे हाथी में बना रखा था सीक्रेट चैंबर, सिगरा पुलिस ने 31 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को पकड़ा
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत सिगरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रेलवे कॉलोनी के पास घेराबंदी कर एक छोटा हाथी (लोडर वाहन) को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त ढांचे (हिडन चैंबर) से करीब 31 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में ओडिशा निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए छोटे हाथी के नीचे विशेष रूप से एक गुप्त तहखाना तैयार कराया था, जिसमें गांजा छिपाकर विभिन्न राज्यों में तस्करी की जा रही थी। पुलिस को काफी समय से इस नेटवर्क की सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ लिया गया।
![]() |
| विज्ञापन |
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे वाराणसी समेत किन-किन जिलों या राज्यों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।



