gnews वाराणसी में वीवीआईपी सुरक्षा की मॉक ड्रिल: CP कार्यालय से निकला 'CM' का काफिला, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में वीवीआईपी सुरक्षा की मॉक ड्रिल: CP कार्यालय से निकला 'CM' का काफिला, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा

आगामी वीवीआईपी मूवमेंट और त्योहारों के मद्देनज़र कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया। एडीजी सिक्योरिटी के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में एनएसजी, सीएम सिक्योरिटी, कमिश्नरेट पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखना था।

विज्ञापन 

सुबह करीब 9 बजे पुलिस कमिश्नर कार्यालय से मुख्यमंत्री के काफिले का रियल टाइम सिमुलेशन शुरू किया गया। यह काफिला जिला मुख्यालय होते हुए पुलिस लाइन तक पहुंचा। काफिले के निकलने से पहले पूरे मार्ग को जीरो ट्रैफिक घोषित किया गया। 

 

पुलिस अधिकारियों की गाड़ियां मार्ग पर लगातार गश्त करती रहीं और रास्ते में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। इसके बाद एंटी डेमो वाहन, वार्निंग कार और पायलट वाहन निर्धारित क्रम में रवाना हुए, जिनके पीछे मुख्यमंत्री के काफिले का अभ्यास कराया गया।

विज्ञापन 

मॉक ड्रिल के बाद एडिशनल CP शिवहरि मीना ने बताया कि एडीजी सिक्योरिटी के निर्देश पर प्रदेश के महत्वपूर्ण शहरों में इस प्रकार की सुरक्षा एक्सरसाइज कराई जा रही है। इसका उद्देश्य एनएसजी, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ बड़े आयोजनों और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।


उन्होंने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी, सुरक्षा संबंधी खतरे या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अपने-अपने दायित्वों का अभ्यास किया।