gnews बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे अजय राय, बोले- 'बीजेपी के लोग चढ़ावा चोर हैं' - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे अजय राय, बोले- 'बीजेपी के लोग चढ़ावा चोर हैं'

सावन के प्रथम सोमवार पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय अपने आवास से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

विज्ञापन 

मंदिर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में अजय राय ने हाल ही में विधानसभा में हुए विपक्ष के हंगामे का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि बाबा विश्वनाथ मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी या चोरी हुई है तो यह बेहद गंभीर मामला है। ऐसे मुद्दे पर विपक्ष का आवाज उठाना पूरी तरह उचित है।

 

अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "अयोध्या से लेकर वाराणसी तक चंदा चोरों को बैठा दिया गया है। मंदिरों की व्यवस्था दलालों के भरोसे चल रही है। श्रद्धालुओं से दर्शन के नाम पर वसूली हो रही है।"

विज्ञापन 


उन्होंने आरोप लगाया कि काशी विश्वनाथ धाम के आसपास दलाल सक्रिय हैं और श्रद्धालुओं से पैसे लेकर जल्द दर्शन कराने का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा, "दलाल खुलेआम दर्शन करा रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने की जगह वीडियो बनाने में लगी है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इस पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।"

अजय राय ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की कि मंदिर के चढ़ावे और दर्शन व्यवस्था से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

सावन के पहले सोमवार पर काशी विश्वनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसी बीच अजय राय कांग्रेसजनों के साथ पैदल मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। उनके बयानों के बाद मंदिर की व्यवस्था और चढ़ावे को लेकर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बहस तेज होने की संभावना है।