वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, शिवसेना नेता कमलेश राय गिरफ्तार; शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की होगी संस्तुति
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने के मामले में पुलिस ने यात्री कमलेश राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गोली लगने से एक महिला और एक पुरुष एयरपोर्ट कर्मचारी घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए न्यू लक्ष्मी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
![]() |
| विज्ञापन |
मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर, चली गोली
पुलिस के अनुसार आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र के रामगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-1810 से मुंबई जाने के लिए रविवार सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस थे, जिसकी जानकारी उन्होंने नियमानुसार एयरपोर्ट पर पहले ही घोषित कर दी थी।
वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, शिवसेना नेता कमलेश राय गिरफ्तार; शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की होगी संस्तुति #TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@Uppolice @varanasipo pic.twitter.com/XpsMaONs3n
— The Varanasi News (@thevaranasinews) August 17, 2026
एयरलाइंस काउंटर और सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं। सुरक्षाकर्मियों के निर्देश पर पिस्टल जमा करने से पहले कमलेश राय उसकी मैगजीन निकाल रहे थे। इसी दौरान ट्रिगर दब गया और पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया।
मैगजीन में दो और चैंबर में था एक कारतूस
जांच में सामने आया कि पिस्टल की मैगजीन में दो कारतूस मौजूद थे, जबकि एक कारतूस चैंबर में था। इसके अलावा कमलेश राय के बैग से 19 कारतूस बरामद हुए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुंबई में होटल कारोबार, राजनीतिक गतिविधियों से भी जुड़े हैं कमलेश राय
बताया गया है कि कमलेश राय का मुंबई में होटल कारोबार है और वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े हैं। मुंबई में वह चार बार और उनकी पत्नी दो बार नगर सेवक रह चुकी हैं। वर्तमान में उनका बड़ा बेटा रितेश राय नगर सेवक है, जबकि छोटा बेटा यत्नेश राय चिकित्सक है।
आजमगढ़ स्थित उनके गांव रामगढ़ में उनके पिता केदारनाथ राय और मां ऊषा राय रहते हैं। ऊषा राय ग्राम प्रधान भी हैं। गांव में कमलेश राय के परिवार से जुड़ा बाबू शिवपट्टर राय स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय भी है।
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
घटना के बाद एयरपोर्ट पर हथियारों की जांच और उन्हें संभालने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो और विमानन सुरक्षा नियमों के तहत यात्री को एयरपोर्ट पहुंचने पर अपने पास मौजूद हथियार की जानकारी एयरलाइन या सुरक्षा कर्मियों को देनी होती है।
![]() |
| विज्ञापन |
बनारस एयरपोर्ट पर हथियारों के लिए अलग स्ट्रांग रूम नहीं होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान यात्री के हाथ में लोडेड पिस्टल देकर उससे मैगजीन निकलवाने की प्रक्रिया कितनी सुरक्षित थी।
फिलहाल पुलिस ने कमलेश राय को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले में एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रक्रिया और हथियार को संभालने के दौरान हुई लापरवाही की भी जांच की जा रही है।


