gnews वाराणसी में तीन दिन से लापता युवती का सड़ा-गला शव मिला, कॉलेज से लौटते समय हुई थी गायब - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में तीन दिन से लापता युवती का सड़ा-गला शव मिला, कॉलेज से लौटते समय हुई थी गायब

राजातालाब थाना क्षेत्र से तीन दिन से लापता 22 वर्षीय युवती श्रेया उपाध्याय का गुरुवार को सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव बच्छाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे पश्चिम पूरा में एक बंद मकान के पास पानी में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक, श्रेया उपाध्याय 17 अगस्त को जगतपुर पीजी कॉलेज से घर लौट रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाने में शिकायत दी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।

गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को बच्छाव क्षेत्र में शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया और बाद में परिजनों को सूचना दी। शव की हालत काफी खराब बताई जा रही है।


श्रेया के पिता सुनील उपाध्याय राजातालाब क्षेत्र में कपड़े की दुकान चलाते हैं। बेटी के लापता होने के बाद से परिवार उसकी तलाश में जुटा था। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

विज्ञापन
जिस स्थान पर शव मिला, उसके पास स्थित मकान के मालिक के अनुसार मकान किराये पर दिया गया था और फिलहाल बंद था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच कर रही है।


फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह यहां तक कैसे पहुंची, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।