सावन के तीसरे सोमवार पर दर्दनाक हादसा: मार्कंडेय महादेव जा रहे कांवड़ियों को कार ने रौंदा, एक की मौत; तीन गंभीर
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में सावन के तीसरे सोमवार पर मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे बाईपास रोड पर गौरा उपरवार गांव के सामने सड़क किनारे विश्राम कर रहे चार कांवड़ियों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
![]() |
| विज्ञापन |
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने काल भैरव, वाराणसी निवासी 25 वर्षीय विनीत तिवारी पुत्र विनोद तिवारी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में आशीष चौधरी (25), रितेश पासी (27) और सागर (26) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
![]() |
| विज्ञापन |
पुलिस ने मृतक कांवड़िये के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी हुई है और घटना की जांच की जा रही है।


