gnews वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक चली गोली, महिला समेत दो घायल; मचा हड़कंप - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक चली गोली, महिला समेत दो घायल; मचा हड़कंप

बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। फायरिंग की चपेट में आने से एएआईसीएलएएस की एक महिला स्क्रीनर और पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया।

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-1810 से वाराणसी से मुंबई जाना था। यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंचे थे और यात्रा के लिए हथियार को नियमानुसार घोषित किया गया था।


एयरपोर्ट पर हथियार की जांच और उसमें मौजूद राउंड की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली की चपेट में आने से चेकिंग कर रही महिला कर्मी के पैर में चोट लगी, जबकि पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में गोली लग गई। दोनों को तत्काल उपचार के लिए लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया।


घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त, पिंडरा समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह पता लगाया जा रहा है कि लाइसेंसी पिस्टल से फायर किन परिस्थितियों में हुआ। हथियार की जांच के दौरान सुरक्षा प्रक्रिया और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही फायर होने की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।