gnews वाराणसी में ट्रीट बार के मैनेजर से मारपीट: 'शनि सिंह का शूटर' बताकर मांगा गुंडा टैक्स, बार मालिक की हत्या की दी धमकी - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में ट्रीट बार के मैनेजर से मारपीट: 'शनि सिंह का शूटर' बताकर मांगा गुंडा टैक्स, बार मालिक की हत्या की दी धमकी


कैंट थाना क्षेत्र स्थित ट्रीट बार के मैनेजर के साथ मारपीट, गुंडा टैक्स मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को कुख्यात बदमाश शनि सिंह का शूटर बताते हुए बार मालिक की हत्या करने की धमकी दी। मामले में कैंट थाने में नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

विज्ञापन 

पीड़ित राजकुमार सिंह, निवासी नई बस्ती (लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र), ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह वरुणा पुल स्थित ट्रीट बार में मैनेजर हैं। उनके अनुसार, 28 जुलाई की रात करीब 11:40 बजे बार बंद होने के बाद वह शटर बंद कर रहे थे। तभी योगेश राय, विशाल सोनकर और उनके साथ तीन अन्य लोग वहां पहुंचे और बीयर की मांग करने लगे।

राजकुमार के मुताबिक, बार बंद होने की जानकारी देने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने खुद को बदमाश शनि सिंह का शूटर बताते हुए गुंडा टैक्स मांगा और विरोध करने पर बार मालिक की हत्या करने की धमकी दी।


स्थिति बिगड़ने पर राजकुमार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पीआरवी मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद वहां से चली गई।

विज्ञापन 

पीड़ित का आरोप है कि बार बंद कर घर लौटते समय आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि ट्रीट बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है, जिसकी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जा सकती है।


कैंट थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।