बरेका गुमटी मार्केट में चोरी की बड़ी वारदात, 12 से 13 प्रतिष्ठानों में चोरी की पुष्टि
बरेका स्थित गुमटी मार्केट में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़ी संख्या में प्रतिष्ठानों में चोरी होने की सूचना सामने आई। चोरी की जानकारी मिलते ही स्थानीय दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
![]() |
| विज्ञापन |
मौके पर पहुंचे एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगभग 8 से 10 प्रतिष्ठानों में चोरी होने की आशंका सामने आई है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चोरों ने दुकानों के पीछे की ओर से टिन शेड उठाकर प्रतिष्ठानों में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, कितने प्रतिष्ठानों में चोरी हुई है और कुल कितने मूल्य की संपत्ति चोरी गई है, इसकी विस्तृत जांच अभी की जा रही है।
बरेका गुमटी मार्केट में चोरी की बड़ी वारदात, 12 से 13 प्रतिष्ठानों में चोरी की पुष्टि#TheVaranasiNews #Varanasi #VaranasiNews@Uppolice @varanasipolice pic.twitter.com/khHpvbpj2d
— The Varanasi News (@thevaranasinews) September 15, 2026
वहीं बरेका व्यापार मंडल के संरक्षक अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि गुमटी मार्केट में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि 12 और 13 सितंबर को भी तीन दुकानों में चोरी हुई थी, जिसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई थी। इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका।
![]() |
| विज्ञापन |
रमेश सिंह के अनुसार, मंगलवार को लगभग 25 दुकानों के टिन शेड उखड़े हुए मिले हैं, जबकि करीब 12 से 13 प्रतिष्ठानों में चोरी की पुष्टि अब तक हो चुकी है। जैसे-जैसे दुकानदार मौके पर पहुंच रहे हैं, वैसे-वैसे चोरी की घटनाओं की संख्या बढ़ने की आशंका भी सामने आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मार्केट में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है। कई स्थानों पर कैमरों को गिलास अथवा कपड़े से ढक दिया गया, जिससे चोरों की गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड न हो सकें। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि गुमटी मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। रेलवे प्रशासन के अधिकारियों से भी इस संबंध में बातचीत की गई है। इतना ही नहीं, व्यापारियों की सुरक्षा और मार्केट में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर रेलवे मंत्री को भी ज्ञापन दिया जा चुका है।
![]() |
| विज्ञापन |
व्यापार मंडल ने मांग की कि गुमटी मार्केट में तत्काल पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाए, रात के समय नियमित पुलिस एवं सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाए तथा सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जाए। साथ ही लगातार हो रही चोरियों की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। चोरी गए सामान और संपत्ति के वास्तविक मूल्य का आकलन दुकानदारों द्वारा अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




