gnews वाराणसी में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, 21 केंद्रों पर 74,840 मतदाता करेंगे वोटिंग - The Varanasi News
HEADLINE
Dark Mode
Large text article

वाराणसी में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, 21 केंद्रों पर 74,840 मतदाता करेंगे वोटिंग

वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होते ही मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे। जिले में मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।

विज्ञापन
जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 74,840 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके मतदान के लिए 21 मतदान केंद्रों पर कुल 102 मतदेय स्थलों की व्यवस्था की गई है। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,888 मतदाता शामिल हैं।

वाराणसी खंड की दोनों एमएलसी सीटों पर कुल 34 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।


स्नातक सीट पर सपा के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भाजपा के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबले पर नजर है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह प्रमुख प्रत्याशियों में शामिल हैं।

विज्ञापन
जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 21 मतदान केंद्रों पर 73 मूल और आठ सहायक बूथ बनाए गए हैं। इस तरह स्नातक चुनाव के लिए कुल 81 बूथ निर्धारित हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 21 मतदान केंद्रों पर 21 बूथ बनाए गए हैं।


स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 41,451 पुरुष और 25,501 महिला मतदाता हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 5,159 पुरुष और 2,729 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बड़ागांव, पिंडरा, चोलापुर, हरहुआ, चिरईगांव, सेवापुरी, भोजूबीर, नदेसर, लहुराबीर, मैदागिन, गायघाट, रामनगर और ककरमत्ता समेत विभिन्न क्षेत्रों में मतदान की व्यवस्था की गई है।

वाराणसी खंड का चुनाव केवल वाराणसी जिले तक सीमित नहीं है। इसमें वाराणसी के अलावा चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया जिले शामिल हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर तीन लाख 23 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

एमएलसी चुनाव में विधानसभा चुनाव की तरह किसी प्रत्याशी के सामने मुहर नहीं लगानी होती। मतदाताओं को मतपत्र पर अपनी पहली पसंद के प्रत्याशी के सामने अंक '1' लिखना होगा। इसके बाद वे चाहें तो दूसरी और अन्य पसंद के प्रत्याशियों के सामने क्रमवार वरीयता अंकित कर सकते हैं।

विज्ञापन
मतदान के लिए निर्धारित बैंगनी स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना होगा। एक से अधिक प्रत्याशियों के सामने समान वरीयता अंकित करने या निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर मतपत्र अमान्य हो सकता है। मतदाताओं को मतदान केंद्र पर पहचान पत्र या निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य वैकल्पिक दस्तावेज साथ ले जाना होगा।

मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों के साथ स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा रही है। मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से पहड़िया मंडी में होगी। मतगणना के बाद वाराणसी खंड की स्नातक और शिक्षक विधान परिषद सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।